दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में मंगलवार की देर रात फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास नगर निगम (MCD) द्वारा अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान तनाव फैल गया। स्थानीय लोगों और सुरक्षा बलों के बीच पथराव की घटना हुई, जिसमें कम से कम पाँच पुलिस कर्मी घायल हुए हैं। पुलिस ने इस संबंध में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और FIR दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
MCD ने उच्च न्यायालय के आदेश के तहत अवैध निर्माणों को हटाने के लिए लगभग 30 बुलडोजर और भारी पुलिस/RAF बल के साथ यह अभियान संचालित किया। कुछ लोगों ने विरोध स्वरूप पत्थर फेंके, जिसके बाद पुलिस ने आंसू गैस और नियंत्रित बल का प्रयोग कर स्थिति को काबू में किया। प्रशासन का कहना है कि मस्जिद के मुख्य ढांचे को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभियोजन के अनुसार समीेर, मोहम्मद अरीब, मोहम्मद कासिफ, मोहम्मद अदनान और मोहम्मद कैफ के रूप में की गई है और पुलिस CCTV तथा बॉडीकैम फुटेज के आधार पर अन्य सहभागी व्यक्तियों की पहचान कर रही है।
इस बीच इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस ने फ्लैग मार्च व धारा 163 BNSS के आदेश लागू कर शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास तेज कर दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप है और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है।
@MUSKAN KUMARI







