तेज रफ्तार कार ट्रेलर से भिड़ी, महिला समेत 5 की मौत — ड्राइवर को झपकी आने से हुआ भीषण हादसा

 जयपुर की सीमा से लगे चाकसू इलाके में शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोटा-जयपुर नेशनल हाईवे (एनएच-52) पर टिगरिया मोड़ के पास सुबह करीब साढ़े पांच बजे तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसी। इस हादसे में एक महिला समेत पांच लोगों की मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में सामने आया है कि कार चला रहे ड्राइवर को झपकी आ गई थी, जिससे कार अनियंत्रित होकर ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए।

पुलिस के अनुसार कार में सवार सभी लोग जबलपुर के रहने वाले थे और मध्य प्रदेश से जयपुर आ रहे थे। हादसे में महिला सहित चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक युवक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि सभी श्रद्धालु महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन के बाद खाटू श्याम मंदिर जा रहे थे।

हाईवे पर लगा जाम, पुलिस ने संभाला मोर्चा

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन हटाकर यातायात सामान्य कराया।

पुलिस ने सभी शवों को चाकसू उपजिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। मृतकों की पहचान परिजनों के आने के बाद की जाएगी और पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और मामले की जांच जारी है।

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल