₹45 लाख दहेज मांगने का आरोप, दोनों पक्ष आमने-सामने; पुलिस ने दर्ज की FIR, तलाश जारी
पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र में एक शादी की खुशियाँ उस वक्त चिंता और सदमे में बदल गईं, जब तिलक समारोह से महज एक दिन पहले दूल्हा रहस्यमयी परिस्थितियों में फरार हो गया।
गोरैयास्थान की युवती की शादी लोदीपुर के युवक से तय हुई थी। तिलक 16 फरवरी और निकाह/शादी 21 फरवरी को होनी थी। दूल्हे के अचानक गायब होने की खबर मिलते ही लड़की पक्ष के होश उड़ गए। घर में शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और निमंत्रण पत्र भी बांटे जा चुके थे।
₹45 लाख दहेज मांगने का आरोप
पीड़ित लड़की के पिता ने आरोप लगाया है कि दूल्हा पक्ष ₹45 लाख की मांग कर रहा था। शिकायत के अनुसार, ₹20 लाख और अतिरिक्त दहेज देने से असमर्थता जताने पर साजिश के तहत दूल्हे को भगा दिया गया। परिवार का कहना है कि पिछले साल 27 जुलाई को दानापुर के एक रिसॉर्ट में सगाई हुई थी, लेकिन अब इस घटना से सामाजिक प्रतिष्ठा पर भी असर पड़ा है और लड़की गहरे मानसिक तनाव में है।
दूल्हे के परिवार ने आरोप नकारे
दूसरी ओर, दूल्हे की मां और भाई ने दहेज के आरोपों को खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि वे भी लड़के के अचानक गायब होने से हैरान हैं। उनके मुताबिक शादी की तैयारियां पूरी थीं—टेंट, डेकोरेशन, हलवाई और कार्ड वितरण सब हो चुका था।
पुलिस जांच में जुटी
मामले में मनेर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। लड़की पक्ष की शिकायत पर दूल्हे समेत उसके परिवार के पांच लोगों को नामजद किया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक गोपालगंज में पशुपालन विभाग में अनुकंपा के आधार पर कार्यरत है।
पुलिस दूल्हे की तलाश में जुटी है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच जारी है।
@MUSKAN KUMARI






