तिरुवनंतपुरम में भाजपा की जीत सुशासन की शुरुआत, एलडीएफ-यूडीएफ पर पीएम मोदी का तीखा हमला

तिरुवनंतपुरम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तिरुवनंतपुरम नगर निगम में भाजपा की ऐतिहासिक जीत को सुशासन और भ्रष्टाचार-मुक्त केरल की दिशा में एक बड़ा और निर्णायक कदम बताया है। शुक्रवार को तिरुवनंतपुरम में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) पर दशकों तक शहर की उपेक्षा, भ्रष्टाचार और कुप्रबंधन का आरोप लगाया तथा जनता को विकास और बदलाव का भरोसा दिलाया।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि एलडीएफ और यूडीएफ ने अलग-अलग दिखने के बावजूद केरल को भ्रष्टाचार, कुप्रबंधन और तुष्टिकरण की राजनीति के दुष्चक्र में धकेल दिया। उन्होंने कहा कि दोनों दलों के झंडे और प्रतीक भले अलग हों, लेकिन उनकी राजनीति और एजेंडा एक जैसे हैं—बेलगाम भ्रष्टाचार, जवाबदेही की कमी और विभाजनकारी राजनीति। प्रधानमंत्री ने कहा कि दशकों तक इन दलों को शासन का अवसर मिला, लेकिन बुनियादी समस्याएं जस की तस बनी रहीं।

पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि एलडीएफ और यूडीएफ ने लंबे समय तक तिरुवनंतपुरम की उपेक्षा की और शहर को बुनियादी सुविधाओं से वंचित रखा। उन्होंने कहा कि वाम दल और कांग्रेस जनता की जरूरतों को पूरा करने में लगातार विफल रहे, जबकि भाजपा की टीम ने अब विकसित तिरुवनंतपुरम की दिशा में काम शुरू कर दिया है। प्रधानमंत्री ने शहरवासियों से भरोसा रखने की अपील करते हुए कहा कि जिस बदलाव का लंबे समय से इंतजार था, वह अब आने वाला है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तिरुवनंतपुरम नगर निगम में भाजपा की जीत की तुलना गुजरात में पार्टी के शुरुआती सफर से करते हुए कहा कि जैसे गुजरात में एक शहर से बदलाव की शुरुआत हुई थी, वैसे ही अब केरल में भी भाजपा की राजनीतिक यात्रा एक शहर से शुरू हो रही है। उन्होंने याद दिलाया कि 1987 से पहले गुजरात में भाजपा एक छोटी पार्टी थी, लेकिन अहमदाबाद नगर निगम में पहली जीत ने विकास और सुशासन की नई राह खोली। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि तिरुवनंतपुरम आने वाले समय में पूरे देश के लिए एक आदर्श शहर बनेगा।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल