पटना। बिहार विधान परिषद में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के बीच हुई तीखी बहस के बाद सियासत और गरमा गई है। राजद नेता और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री के बयान को लेकर सरकार पर जोरदार हमला बोला है। मंगलवार को दिल्ली से पटना लौटते ही तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मानसिक स्थिति, कार्यशैली और राज्य में बढ़ते अपराध को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए।
पटना एयरपोर्ट पर व्हीलचेयर पर उतरे तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि बिहार में क्राइम रेट लगातार बढ़ रहा है और बच्चियों के साथ दरिंदगी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ऐसे हालात में सत्ता के शीर्ष पद पर बैठे व्यक्ति की ओर से विवादित टिप्पणियां आना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के खिलाफ जिस भाषा का इस्तेमाल किया गया, वह सरकार की संवेदनशीलता पर सवाल खड़े करता है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि जब राज्य में बड़ी आपराधिक घटनाएं होती हैं, तब सरकार की प्राथमिकता जवाबदेही होनी चाहिए, न कि गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणियां। उन्होंने दरभंगा समेत अन्य मामलों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सदन में अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे अपराधियों के हौसले बढ़ते हैं। तेजस्वी ने कहा, “बिहार में अब लोकतंत्र नहीं, डर तंत्र है।”
राजद नेता ने नीट छात्रा केस और सृजन घोटाले का भी हवाला देते हुए आरोप लगाया कि एनडीए सरकार अपराधियों को बचाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार सवालों से बचती है और जनता का ध्यान असल मुद्दों से भटकाने की कोशिश करती है।
इससे पहले तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का एक वीडियो साझा कर तीखी टिप्पणी की थी, जिसे लेकर भी राजनीतिक हलकों में विवाद बढ़ गया है। राजद के इस हमले के बाद एक बार फिर बिहार की राजनीति में सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गए हैं।
@MUSKAN KUMARI






