टी20 विश्व कप में भारत की पाकिस्तान पर बड़ी जीत, कोलंबो में फिर टूटा पाकिस्तानी प्रशंसकों का दिल

टी20 विश्व कप के मुकाबले में भारतीय टीम ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान क्रिकेट टीम को करारी शिकस्त देकर एक बार फिर अपना दबदबा साबित कर दिया। कोलंबो में खेले गए इस मुकाबले में पाकिस्तान ना बल्ले से और ना ही गेंद से भारत को चुनौती दे सका।

भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 175 रन बनाए। इस दौरान ईशान किशन ने शानदार अर्धशतक लगाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में महज 114 रन पर ऑलआउट हो गई और भारत ने 61 रनों से बड़ी जीत दर्ज की। यह टी20 में पाकिस्तान के खिलाफ भारत की रनों के अंतर से सबसे बड़ी जीत बताई जा रही है।

भारतीय गेंदबाजों ने भी कमाल का प्रदर्शन किया। जसप्रीत बुमराह की घातक गेंदबाजी और हार्दिक पांड्या के प्रभावी प्रदर्शन के सामने पाकिस्तान की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई।

मैच खत्म होते ही पाकिस्तान में प्रशंसकों का गुस्सा फूट पड़ा। कई जगह टीवी तोड़ने के वीडियो सामने आए, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। भारत से हार के बाद पाकिस्तान में इस तरह की प्रतिक्रिया अब आम होती जा रही है।

वहीं, मैच स्थल आर प्रेमदासा स्टेडियम के बाहर भी पाकिस्तानी प्रशंसक मायूस नजर आए। कई प्रशंसकों ने टीम के प्रदर्शन को बेहद निराशाजनक बताया और माना कि भारतीय टीम की तैयारी और प्रदर्शन दोनों ही उनसे बेहतर हैं।

टी20 विश्व कप में भारत का पलड़ा पाकिस्तान पर लगातार भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच खेले गए नौ मुकाबलों में भारत ने आठ बार जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान को सिर्फ एक बार सफलता मिली है। 2021 के बाद से तो भारत ने हर विश्व कप मुकाबले में पाकिस्तान को मात दी है।

भारत की इस जीत ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बड़े टूर्नामेंटों में टीम इंडिया का दबदबा बरकरार है, जबकि पाकिस्तान के लिए यह हार आत्ममंथन का बड़ा मौका बन गई है।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल