
लखनऊ/बीकेटी। जीसीआरजी कॉलेज के सामने स्थित टेंपरेरी दुकान में रखे फ्रीजर से युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मौजूद लोगों ने बदबू आने और संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और फ्रीजर खोलकर शव को बाहर निकाला। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।
आधार कार्ड और फोन से हुई पहचान
शव के पास से एक मोबाइल फोन और आधार कार्ड बरामद हुआ। दस्तावेजों के आधार पर मृतक की पहचान विजय पाल (35 वर्ष) निवासी किशनपुर मजरा मदारीपुर, इंदौरा बाग, थाना बीकेटी के रूप में हुई है।
पारिवारिक पृष्ठभूमि
परिजनों के अनुसार, विजय पाल के पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। करीब पांच साल पहले उसका पत्नी से अलगाव हो गया था। वह अकेले रहकर मेहनत-मजदूरी करके अपना जीवनयापन कर रहा था।
परिवार वालों का कहना है कि वह शनिवार को घर के पास दिखाई दिया था। इसके बाद अचानक पुलिस से उसकी मौत की सूचना मिली, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस जांच जारी
पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक फ्रीजर के अंदर कैसे पहुंचा और मौत किन परिस्थितियों में हुई।
घटना ने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है। लोग पुलिस की जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।
(रिपोर्ट: एशियन टाइम्स ब्यूरो)
Author: Noida Desk
मुख्य संपादक (Editor in Chief)







