वाराणसी।
वाराणसी जिले में उस समय हड़कंप मच गया जब जिला जज के ई-मेल पर कचहरी परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिली। रात करीब 1:30 बजे धमकी भरा संदेश मिलने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं।
धमकी मिलने के बाद कचहरी परिसर में गहमागहमी का माहौल बन गया और बार पदाधिकारियों की आपात बैठक बुलाई गई। एहतियातन कई मामलों में तारीखें दी गईं और परिसर खाली करने का अनुरोध किया गया।
मौके पर पहुंचे प्रमोद कुमार और कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने पुलिस बल और बम निरोधक दस्ते के साथ कचहरी परिसर में सघन चेकिंग अभियान चलाया। सुरक्षा के मद्देनज़र पूरे परिसर की तलाशी ली जा रही है।
अधिवक्ताओं ने भी अपने स्तर पर चैंबर और संदिग्ध वस्तुओं की जांच शुरू कर दी है। वहीं ई-मेल की सत्यता और स्रोत का पता लगाने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस की साइबर सेल जांच में जुटी है।
सेंट्रल बार अध्यक्ष प्रेमप्रकाश सिंह गौतम ने बताया कि जिला जज ने बार पदाधिकारियों को अपने चैंबर में बुलाकर ई-मेल की जानकारी दी, जिसमें आतंकवादी संगठनों द्वारा कचहरी को उड़ाने की धमकी दी गई थी।
फिलहाल सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
@MUSKAN KUMARI






