मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शासकीय दायित्वों की व्यस्तताओं के बावजूद सोमवार को ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में आम नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान हापुड़ से आए दो सैनिकों ने जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्थानीय प्रशासन को तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार 25 करोड़ नागरिकों की सेवा और सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर भी पहुंचे, जिस पर मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि अस्पताल से इलाज का एस्टिमेट उपलब्ध कराने पर सरकार हरसंभव मदद करेगी।
कार्यक्रम में बिजली, नगर निगम और राजस्व से जुड़े मामलों पर भी मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान अभिभावकों के साथ पहुंचे बच्चों से मुख्यमंत्री ने स्नेहपूर्वक बातचीत की, उनकी पढ़ाई के बारे में पूछा और उन्हें मन लगाकर पढ़ने व मोबाइल से दूर रहने की सीख दी। बच्चों को मुख्यमंत्री ने चॉकलेट भी वितरित की।
@MUSKAN KUMARI







