पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता का आरोप, कार्यालय प्रवेश पर भी लगा प्रतिबंध
पटना:
बिहार में राज्यसभा चुनाव के बाद नई सरकार को लेकर सियासी हलचल तेज है। इसी बीच जनता दल (यूनाइटेड) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अपने दो नेताओं को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। इस कदम के बाद राज्य की राजनीति में हलचल और बढ़ गई है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली पार्टी ने अभय पटेल और एस.के. सुमन को पार्टी विरोधी गतिविधियों में लगातार संलिप्त रहने के आरोप में कड़ा दंड दिया है। दोनों नेताओं की प्राथमिक सदस्यता तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई है।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा द्वारा जारी पत्र (पत्रांक 58/26) में कहा गया है कि अनुशासनहीनता के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है। आदेश के अनुसार, अभय पटेल (रूपसपुर, पटना) और एस.के. सुमन (राम कृष्णा नगर, पटना) को अगले तीन वर्षों के लिए पार्टी से निष्कासित किया जाता है।
कार्यालय में प्रवेश पर भी रोक
जदयू ने स्पष्ट किया है कि निष्कासन की अवधि के दौरान दोनों नेताओं का पार्टी कार्यालय परिसर में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
पार्टी की ओर से यह भी संदेश दिया गया है कि संगठन में अनुशासन सर्वोपरि है और किसी भी प्रकार की पार्टी विरोधी गतिविधि या भीतरघात को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
@MUSKAN KUMARI






