वैशाली के महनार में दबंगों का तांडव, खुशियों का माहौल दहशत में बदला
वैशाली:
वैशाली जिला के महनार थाना क्षेत्र अंतर्गत टाड़ा चौड़ी गांव में बच्चे के जन्म की छठी का समारोह उस वक्त हिंसा में बदल गया, जब कुछ दबंगों ने कार्यक्रम में घुसकर हमला कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, पहलाद कुमार झा के घर छठी का जश्न मनाया जा रहा था। घर में रिश्तेदारों की भीड़ और खुशी का माहौल था, तभी जेनरेटर लगाने को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर गांव के कुछ लोग लाठी-डंडा और लोहे की रॉड लेकर मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया।
देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और समारोह में मौजूद लोगों पर ताबड़तोड़ हमला किया गया। महिलाओं और परिजनों को भी नहीं बख्शा गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
इस दौरान प्रिस राज नामक युवक को निशाना बनाते हुए उसके सिर पर लोहे की रॉड से जोरदार वार किया गया। गंभीर चोट लगने के कारण वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पीड़ित परिवार ने महनार थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश जारी है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
@MUSKAN KUMARI






