राजधानी लखनऊ के बाजारखाला क्षेत्र में चीनी मांझे की चपेट में आकर एक युवक की दर्दनाक मौत के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में चीनी मांझे के इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि चीनी मांझे से होने वाली मौतों को हत्या की श्रेणी में माना जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद प्रशासन सक्रिय हो गया है। लखनऊ शहर के हैदरगंज और मोतीझील इलाके में पतंग की दुकानों पर छापेमारी की गई। मोतीझील क्षेत्र में डीसीपी विश्वजीत श्रीवास्तव, एडीसीपी धनंजय सिंह विक्रम और बाजारखाला थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। पूरे प्रदेश में इस अभियान की उच्चस्तरीय समीक्षा भी की जाएगी।
बुधवार को बाजारखाला हैदरगंज ओवरब्रिज पर चीनी मांझे से बाइक सवार सैयद शोएब (34) की गर्दन की नस कट गई, जिससे उनकी मौत हो गई। शोएब मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव थे और काम से जा रहे थे। हवा में लटका मांझा उनकी गर्दन में फंस गया, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। उन्हें तुरंत ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उनकी जान नहीं बचा सके।
@MUSKAN KUMARI







