चंडीगढ़ ग्रेनेड अटैक: CCTV से खुला राज, बस में बैठकर फरार हुए हमलावरों की पहचान

चंडीगढ़:

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय के बाहर हुए ग्रेनेड हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चंडीगढ़ पुलिस ने हमले में शामिल दोनों आरोपियों की पहचान कर ली है, जो फतेहगढ़ साहिब के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

जांच में सामने आया है कि हमले के तुरंत बाद आरोपी मौके से पैदल भागे और सड़क पार कर सीटीयू (CTU) की एसी बस में सवार हो गए। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी पूरी मूवमेंट ट्रेस की गई, जिससे पता चला कि दोनों आरोपी खरड़ में उतरकर फरार हो गए।

कौन हैं आरोपी?

पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान फतेहगढ़ साहिब के गांव रतनगढ़ निवासी अमरप्रीत उर्फ अमन और गुरतेज के रूप में हुई है। बुधवार शाम करीब 5:53 बजे, हमले के दो मिनट के भीतर ही दोनों सेक्टर-37/24 बस स्टॉप से बस नंबर 35-डी में चढ़े थे।

बस में लगे कैमरों में दोनों आरोपी साफ तौर पर कैद हो गए हैं। इनमें एक युवक ने चेहरे पर काला रूमाल बांध रखा था, जबकि दूसरे को ग्रेनेड फेंकने वाला बताया जा रहा है।

एसएसपी खुद कर रहीं मॉनिटरिंग

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी कंवरदीप कौर खुद जांच की निगरानी कर रही हैं। पुलिस टीम आरोपियों के रूट को ट्रेस करते हुए खरड़ तक पहुंच चुकी है। बस के ड्राइवर और कंडक्टर से घंटों पूछताछ की गई, हालांकि बस से कोई संदिग्ध सामान बरामद नहीं हुआ।

हेलमेट से गुमराह करने की साजिश

जांच में एक अहम खुलासा यह भी हुआ कि आरोपियों ने हाथ में हेलमेट लेकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। इससे यह भ्रम पैदा करना था कि वे बाइक से आए थे, जबकि हकीकत में वे पैदल ही मौके से भागे और बस में चढ़ गए।

Google Pay बना अहम सुराग

पुलिस जांच में एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। आरोपियों के पास बस का पूरा किराया नहीं था। खरड़ तक का किराया 40 रुपये था, लेकिन उनके पास केवल 20-20 रुपये के दो नोट थे।

ऐसे में एक आरोपी ने बस में मौजूद एक यात्री को Google Pay के जरिए 40 रुपये ट्रांसफर किए और उससे नकद लेकर टिकट लिया। यही डिजिटल ट्रांजेक्शन पुलिस के लिए अहम सुराग बना, जिससे आरोपियों के मोबाइल नंबर और बैंक डिटेल्स तक पहुंच बनाई गई।

जांच जारी

फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट पर हैं और पूरे मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल