राष्ट्रपति भवन में आयोजित गणतंत्र दिवस के ऐट-होम कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर पूर्वोत्तर की संस्कृति और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रति अनादर का आरोप लगाया है। BJP का यह आरोप इसलिए सामने आया है क्योंकि कार्यक्रम के दौरान सभी मेहमानों को असमिया गमोसा भेंट किया गया था, जिसे राहुल गांधी ने कथित तौर पर नहीं पहना।
BJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि राहुल गांधी का यह व्यवहार शर्मनाक है और इससे पूर्वोत्तर की संस्कृति का अपमान हुआ है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक वस्त्र नहीं, बल्कि असम और पूरे नॉर्थ ईस्ट की सांस्कृतिक पहचान है।
इस विवाद के बीच कांग्रेस ने भी पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि गणतंत्र दिवस पर कर्तव्य पथ में राहुल गांधी और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को तीसरी पंक्ति में बैठाया गया, जो प्रोटोकॉल का उल्लंघन है। कांग्रेस नेताओं ने इसे जानबूझकर किया गया अपमान बताया।
इस पर जवाब देते हुए शहजाद पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस परिवार तंत्र को संविधान तंत्र से ऊपर मानती है। उन्होंने कहा कि बैठने की व्यवस्था तय प्रोटोकॉल के अनुसार होती है और कई वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री भी उसी पंक्ति में बैठे थे, लेकिन किसी ने इसे मुद्दा नहीं बनाया।
पूनावाला ने सवाल उठाया कि क्या राहुल गांधी खुद को देश से ऊपर समझते हैं। उन्होंने यह भी पूछा कि राहुल गांधी कई अहम संवैधानिक कार्यक्रमों में अनुपस्थित क्यों रहते हैं। वहीं, BJP प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने भी कांग्रेस पर गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया है।
@MUSKAN KUMARI







