कोचिंग जाने निकले दो सगे भाई रहस्यमयी ढंग से लापता, इलाके में हड़कंप

मुजफ्फरपुर के IG कॉलोनी का मामला, पुलिस सीसीटीवी खंगालने में जुटी

मुजफ्फरपुर:

बिहार के मुजफ्फरपुर में दो किशोर भाइयों के रहस्यमयी ढंग से लापता होने से इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना IG कॉलोनी की है, जहां साहेबगंज थाना क्षेत्र निवासी श्याम कुमार अपने परिवार के साथ किराये के मकान में रहते हैं।

जानकारी के अनुसार, श्याम कुमार के दोनों बेटे—13 वर्षीय तेजस्वी कुमार और 9 वर्षीय त्रिशांत कुमार—शाम को कोचिंग जाने के लिए घर से निकले थे। उन्हें नूनफर स्थित कोचिंग सेंटर पहुंचना था, लेकिन वे वहां पहुंचे ही नहीं।

परिजनों के मुताबिक, कुछ देर बाद दोनों बच्चे वापस कमरे पर आए थे, लेकिन उस समय कमरा बंद मिला। इसके बाद दोनों कहां गए, इसका अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। देर रात तक जब बच्चे घर नहीं लौटे, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने आसपास के इलाकों में तलाश शुरू की।

घंटों खोजबीन के बावजूद जब कोई जानकारी नहीं मिली, तो परिजन सदर थाना पहुंचे और मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चला रही है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संभावित स्थानों पर बच्चों की तलाश की जा रही है।

इधर, बच्चों के लापता होने से परिवार में मातम का माहौल है। परिजन अनहोनी की आशंका से सहमे हुए हैं। यह घटना एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही दोनों बच्चों का पता लगाकर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल