तिरुवनंतपुरम।
केरल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर आए मनोरमा न्यूज़–C वोटर मेगा सर्वे में कांग्रेस के नेतृत्व वाले United Democratic Front (UDF) को स्पष्ट बढ़त मिलने का अनुमान जताया गया है। सर्वे के मुताबिक राज्य में 10 साल बाद UDF की सत्ता में वापसी हो सकती है।
सर्वे के अनुसार UDF को 69 से 81 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि सत्तारूढ़ Left Democratic Front (LDF) की सीटें घटकर 57 से 69 रह सकती हैं। वहीं भाजपा के नेतृत्व वाले National Democratic Alliance (NDA) को 1 से 5 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है।
गौरतलब है कि 2021 के विधानसभा चुनाव में LDF ने 140 में से 99 सीटें जीतकर लगातार दूसरी बार सरकार बनाई थी, जबकि UDF 41 सीटों पर सिमट गई थी और NDA खाता भी नहीं खोल पाई थी। 1 दिसंबर से 26 मार्च के बीच 89,693 लोगों की राय पर आधारित इस सर्वे में राज्य के राजनीतिक समीकरणों में बड़े बदलाव के संकेत मिले हैं।
दक्षिण केरल में LDF की पकड़ बरकरार
दक्षिण केरल में LDF अब भी बढ़त बनाए हुए है। तिरुवनंतपुरम में 8–10 और अलप्पुझा में 6–8 सीटों का अनुमान है। हालांकि पठानमथिट्टा में उसे नुकसान हो सकता है, जहां UDF 3–5 सीटें जीत सकता है।
मध्य केरल में UDF का दबदबा
सेंट्रल केरल में UDF को बड़ी बढ़त मिलने के संकेत हैं। एर्नाकुलम, कोट्टायम और इडुक्की जैसे जिलों में कुल 53 सीटों में से लगभग 33 सीटें UDF के खाते में जा सकती हैं। यहां LDF को 24 और NDA को 1 सीट मिलने का अनुमान है।
उत्तर केरल में कड़ा मुकाबला
उत्तर केरल में मुकाबला दिलचस्प रहने की संभावना है। LDF कन्नूर और कासरगोड जैसे अपने पारंपरिक गढ़ों को बरकरार रख सकता है, जबकि UDF मलप्पुरम (14–16) और वायनाड (2–3) में मजबूत स्थिति में नजर आ रहा है।
कुल मिलाकर, यह सर्वे 2021 के नतीजों के उलट संकेत दे रहा है और राज्य में कड़े राजनीतिक मुकाबले के साथ सत्ता परिवर्तन की संभावना जता रहा है।
@MUSKAN KUMARI






