एलपीजी बुकिंग समयसीमा में बदलाव की खबरें भ्रामक, केंद्र सरकार ने किया खंडन

नई दिल्ली।

एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग समयसीमा में बदलाव को लेकर फैल रही खबरों को केंद्र सरकार ने सिरे से खारिज कर दिया है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि बुकिंग नियमों में कोई बदलाव नहीं किया गया है और मौजूदा व्यवस्था ही लागू रहेगी।

मंत्रालय के अनुसार, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पोस्ट में यह दावा किया जा रहा था कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) कनेक्शन के लिए 45 दिन, गैर-पीएमयूवाई सिंगल सिलेंडर के लिए 25 दिन और डबल सिलेंडर के लिए 35 दिन की नई समयसीमा लागू की गई है। सरकार ने इन दावों को पूरी तरह भ्रामक और गलत बताया है।

पेट्रोलियम मंत्रालय ने साफ किया कि एलपीजी रीफिल बुकिंग की मौजूदा समयसीमा में कोई बदलाव नहीं किया गया है। शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन की समयसीमा पहले की तरह ही सभी उपभोक्ताओं पर लागू रहेगी।

सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही उन्हें आगे फैलाएं। साथ ही, अनावश्यक घबराहट में एलपीजी बुकिंग करने से बचने की सलाह दी गई है।

मंत्रालय ने यह भी भरोसा दिलाया है कि देश में एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। सभी रिफाइनरियां पूरी क्षमता के साथ काम कर रही हैं और हाल ही में 18,700 टन कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति की गई है।

संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा के मुताबिक, देश में पेट्रोल और डीजल का भी पर्याप्त भंडार है और एक लाख से अधिक पेट्रोल पंप सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं। साथ ही, पीएनजी कनेक्शन का विस्तार तेजी से किया जा रहा है और एक ही दिन में 7,500 नए कनेक्शन दिए गए हैं।

सरकार ने कहा कि एलपीजी आपूर्ति को और मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं और वितरण प्रणाली को बेहतर बनाने के निर्देश राज्यों को दिए गए हैं, ताकि आपूर्ति निर्बाध बनी रहे।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल