नालंदा,
Nalanda पुलिस ने घरों और फ्लैटों में सेंधमारी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सरगना मोहम्मद शाहनवाज आलम उर्फ छोटू को गिरफ्तार किया है। आरोपी को Kishanganj स्थित उसके ससुराल से दबोचा गया। पुलिस ने उसके साथ चोरी का सामान खरीदने वाले तीन मोबाइल दुकानदारों को भी गिरफ्तार किया है। इनके पास से 6 लैपटॉप और 32 मोबाइल बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक शाहनवाज आलम (महुआ टोला, सोहसराय निवासी) बेहद चालाकी से वारदात को अंजाम देता था। वह दिन में ई-रिक्शा चलाकर सूने घरों और वीआईपी फ्लैटों की रेकी करता था और सुबह ‘मॉर्निंग वॉक’ के बहाने निकलकर चिन्हित घरों के ताले तोड़ देता था।
सर्विलांस से पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी
वारदात के बाद आरोपी पिछले 20 दिनों से किशनगंज में छिपा हुआ था। पूछताछ में सामने आया कि चोरी के दौरान भागते समय उसका पैर टूट गया था, जिसके बाद वह इलाज के बहाने ससुराल चला गया। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस कर गिरफ्तारी की।
500 मोबाइल चोरी का खुलासा
कड़ी पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अब तक 500 से अधिक मोबाइल और कई लैपटॉप चोरी कर चुका है। ये सभी सामान वह स्थानीय दुकानदारों को सस्ते दाम में बेच देता था। हाल ही में लहेरी थाना क्षेत्र के पटेल नगर में हुई चोरी के बाद पुलिस ने मोबाइल को सर्विलांस पर डाला, जिससे पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ।
तीन दुकानदार भी गिरफ्तार
पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने वाले तीन दुकानदारों—रविंद्र कुमार, जितेंद्र कुमार उर्फ चायनीज और विवेक कुमार—को भी गिरफ्तार किया है। ये सभी रामचंद्रपुर इलाके में मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान चलाते हैं और चोरी के फोन सस्ते में खरीदकर महंगे दामों पर बेचते थे।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
इस कार्रवाई को लहेरी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। टीम में अनुसंधानकर्ता और अन्य पुलिसकर्मियों की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि सर्विलांस के जरिए जैसे ही चोरी के मोबाइल की लोकेशन मिली, पहले खरीदार को पकड़ा गया और फिर उसके जरिए पूरे गिरोह का पर्दाफाश हो सका।
@MUSKAN KUMARI






