ईरान का दावा— परमाणु ठिकानों पर हमला, लेकिन आईएईए ने कहा सुरक्षित; पश्चिम एशिया में परमाणु सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता

पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच ईरान ने बड़ा दावा किया है कि अमेरिका और इस्राइल ने उसके परमाणु ठिकानों पर हमला किया है। हालांकि अंतरराष्ट्रीय परमाणु निगरानी संस्था अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) ने अब तक किसी भी परमाणु केंद्र को नुकसान पहुंचने की पुष्टि नहीं की है।

आईएईए के महानिदेशक राफेल मारियानो ग्रोसी ने एजेंसी के 35 सदस्यीय बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की बैठक में कहा कि अभी तक ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है कि ईरान की किसी परमाणु स्थापना पर हमला हुआ हो या उसे नुकसान पहुंचा हो। उन्होंने कहा कि स्थिति गंभीर जरूर है, लेकिन उपलब्ध जानकारी के अनुसार परमाणु केंद्र सुरक्षित दिखाई दे रहे हैं।

परमाणु सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता

ग्रोसी ने पश्चिम एशिया की सुरक्षा स्थिति पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि रेडियोलॉजिकल रिसाव यानी परमाणु विकिरण फैलने की आशंका से पूरी तरह इनकार नहीं किया जा सकता। यदि ऐसा होता है तो इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं और बड़े क्षेत्रों को खाली कराना पड़ सकता है। आईएईए ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारी होने की बात भी कही है।

कई देशों में परमाणु ढांचे पर खतरा

आईएईए प्रमुख के अनुसार पश्चिम एशिया के कई देशों में सक्रिय परमाणु बिजली संयंत्र और रिसर्च रिएक्टर मौजूद हैं। संयुक्त अरब अमीरात में चार चालू परमाणु रिएक्टर हैं, जबकि जॉर्डन और सीरिया में रिसर्च रिएक्टर काम कर रहे हैं। वहीं बहरीन, इराक, कुवैत, ओमान, कतर और सऊदी अरब जैसे देशों में भी सैन्य तनाव बढ़ने से पूरे क्षेत्र में परमाणु सुरक्षा को लेकर खतरा बढ़ गया है।

रेडिएशन स्तर सामान्य, निगरानी तेज

आईएईए के अनुसार ईरान से सटे देशों में फिलहाल रेडिएशन स्तर सामान्य है। इसके बावजूद क्षेत्रीय सुरक्षा निगरानी नेटवर्क को अलर्ट पर रखा गया है और सभी सदस्य देशों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है।

ईरान के परमाणु ठिकाने सुरक्षित बताए गए

आईएईए ने कहा कि अब तक बुशेहर परमाणु बिजली संयंत्र, तेहरान रिसर्च रिएक्टर और अन्य परमाणु ईंधन सुविधाओं को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। ग्रोसी ने यह भी बताया कि ईरान के परमाणु नियामक अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश जारी है और संवाद बहाल करना बेहद जरूरी है।

सैन्य कार्रवाई के बाद बढ़ा क्षेत्रीय तनाव

यह बयान उस समय आया है जब हालिया सैन्य कार्रवाई के बाद क्षेत्र में तनाव तेजी से बढ़ गया है। इस कार्रवाई में अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत की खबर सामने आने के बाद हालात और अधिक संवेदनशील हो गए हैं।

आईएईए प्रमुख ने सभी देशों से संयम बरतने की अपील करते हुए कहा कि परमाणु कूटनीति कठिन जरूर है, लेकिन असंभव नहीं— और संवाद ही इस संकट से निकलने का सबसे सुरक्षित रास्ता है।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल