अमेरिका-इस्राइल की संयुक्त कार्रवाई में 17 रिहायशी इलाकों पर बमबारी का दावा, ईरान ने कहा—हमले रुके बिना नहीं होगा समझौता
पश्चिम एशिया में जारी ईरान-इस्राइल संघर्ष अब और उग्र होता जा रहा है। मंगलवार को अमेरिका और इस्राइल ने ईरान के खोर्रमाबाद हवाई अड्डे को निशाना बनाते हुए कई हमले किए। इसके साथ ही ईरान के 17 रिहायशी इलाकों पर बमबारी का दावा किया गया है, जिससे हालात और तनावपूर्ण हो गए हैं।
ईरानी रेड क्रिसेंट संगठन के अनुसार, इन हमलों में कम से कम 15 लोगों की मौत हुई है। संगठन ने नागरिक इलाकों पर हमले को अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का उल्लंघन बताते हुए इसे युद्ध अपराध करार दिया है।
वहीं, इन हमलों के जवाब में ईरान ने भी इस्राइल पर कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। इस्राइली मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मध्य इस्राइल में इन हमलों से भारी नुकसान हुआ है, हालांकि इस्राइल ने कई मिसाइलों को इंटरसेप्ट करने का दावा किया है। बताया जा रहा है कि कुछ मिसाइलों में क्लस्टर सबम्युनिशंस का इस्तेमाल किया गया, जिससे क्षति का दायरा बढ़ गया।
इस बीच, इस्राइल ने ईरान के नागरिकों को फारसी भाषा में चेतावनी जारी कर ट्रेनों और रेलवे लाइनों से दूर रहने को कहा है। इस चेतावनी में कहा गया है कि इन स्थानों पर मौजूद रहने से जान का खतरा हो सकता है।
राजधानी तेहरान में भी लगातार धमाकों की आवाजें सुनी गई हैं, जिससे वहां दहशत का माहौल है। दूसरी ओर, ईरान ने साफ कर दिया है कि जब तक हमले नहीं रुकते, वह किसी भी तरह के समझौते के लिए तैयार नहीं है।
इस संघर्ष के पांचवें सप्ताह में प्रवेश करने के साथ ही हालात और गंभीर होते जा रहे हैं। दोनों पक्षों के बीच बढ़ती सैन्य कार्रवाई ने पूरे पश्चिम एशिया में व्यापक अस्थिरता और बड़े युद्ध की आशंका को और बढ़ा दिया है।
@MUSKAN KUMARI







