आवारा कुत्तों के मुद्दे पर दिल्ली विधानसभा में हंगामा, केजरीवाल के खिलाफ विपक्ष की नारेबाजी

दिल्ली विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान मंगलवार को सदन के भीतर भारी हंगामा देखने को मिला। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही भाजपा विधायक अजय महावर ने आम आदमी पार्टी के संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर सरकारी स्कूलों के शिक्षकों से कुत्तों की गिनती कराने का झूठा आरोप फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने इस बयान को शिक्षकों का अपमान बताते हुए केजरीवाल से सार्वजनिक रूप से माफी की मांग की।

इस मुद्दे को लेकर सदन में शोर-शराबा तेज हो गया। भाजपा और आम आदमी पार्टी के विधायकों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिससे कार्यवाही सुचारू रूप से नहीं चल सकी। हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने सदन की व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति नियंत्रित नहीं हो सकी। अंततः उन्होंने विधानसभा की कार्यवाही आधे घंटे के लिए स्थगित कर दी।

कार्यवाही स्थगित होते ही विधानसभा के बाहर भी राजनीतिक माहौल और गरमा गया। शीतकालीन सत्र में शामिल होने जा रही मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के बाहर निकलते समय भाजपा विधायकों ने आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा विधायकों ने आरोप लगाया कि आप सरकार और उसके नेता लगातार शिक्षकों के सम्मान को ठेस पहुंचा रहे हैं।

इसके बाद भाजपा विधायक विधानसभा परिसर के अंदर धरने पर बैठ गए। धरने के दौरान उन्होंने केजरीवाल से माफी की मांग दोहराते हुए कहा कि शिक्षकों से कुत्तों की गिनती कराने जैसे बयान पूरी तरह झूठे और अपमानजनक हैं। भाजपा ने साफ किया कि जब तक इस मुद्दे पर केजरीवाल माफी नहीं मांगते, तब तक उनका विरोध और प्रदर्शन जारी रहेगा।

@MUSKAN KUMARI

 

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल