आम आदमी पार्टी (AAP) ने राज्यसभा में अपने नेतृत्व ढांचे में अहम बदलाव करते हुए सांसद राघव चड्ढा को डिप्टी लीडर पद से हटा दिया है। पार्टी ने इस संबंध में राज्यसभा सचिवालय को आधिकारिक पत्र भेजकर यह भी अनुरोध किया है कि चड्ढा को सदन में बोलने के लिए समय आवंटित न किया जाए।
इसके साथ ही पार्टी ने सांसद अशोक मित्तल को राज्यसभा में अपना नया उपनेता नियुक्त किया है। इस नियुक्ति को लेकर भी सचिवालय को पत्र सौंपा गया है। पार्टी के इस फैसले को संगठनात्मक पुनर्संरचना के तौर पर देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि हाल ही में राघव चड्ढा ने राज्यसभा में मोबाइल उपभोक्ताओं के हितों को लेकर आवाज उठाई थी। उन्होंने दूरसंचार कंपनियों की डेटा नीति पर सवाल उठाते हुए “डेटा रोलओवर” की सुविधा लागू करने की मांग की थी।
चड्ढा ने कहा था कि उपभोक्ताओं द्वारा खरीदा गया डेटा अगर उपयोग नहीं हो पाता है, तो वह खत्म नहीं होना चाहिए, बल्कि अगले दिन या महीने के लिए सुरक्षित रहना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि बचे हुए डेटा के आधार पर ग्राहकों को रिचार्ज में छूट दी जाए और डेटा ट्रांसफर की सुविधा भी मिले।
उन्होंने अमेरिका, यूरोप, नीदरलैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों का उदाहरण देते हुए कहा था कि वहां इस तरह की सुविधाएं पहले से लागू हैं और भारतीय उपभोक्ताओं को भी इसका लाभ मिलना चाहिए।
@MUSKAN KUMARI







