“अरे महिला सब काहे भाग रही हो…” सिवान दौरे में नीतीश कुमार का बयान चर्चा में

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक बार फिर अपने बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। सिवान जिले के दौरे के दौरान मंच से दिया गया उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह कार्यक्रम के बीच उठकर जाने वाली महिलाओं को टोकते हुए नजर आ रहे हैं।

दरअसल, मुख्यमंत्री ‘समृद्धि यात्रा’ के तहत सिवान पहुंचे थे, जहां उन्होंने विकास कार्यों के निरीक्षण के दौरान मैरवा स्थित राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया। इसी दौरान भाषण के बीच कुछ महिलाएं कार्यक्रम स्थल से बाहर जाने लगीं, जिस पर मुख्यमंत्री ने मंच से नाराजगी जताते हुए उन्हें बैठने और अपनी बात सुनने की अपील की। वीडियो में नीतीश कुमार यह कहते सुने जा रहे हैं कि महिलाओं के लिए किए गए कार्यों को जाने बिना चले जाने से उनकी जानकारी अधूरी रह जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान हुआ यह पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। सिवान दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने जिले को कुल 202 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें 157 करोड़ रुपये की 40 परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई, जबकि 45 करोड़ रुपये की 31 योजनाओं का उद्घाटन किया गया।

इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, वरिष्ठ मंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मंच पर मौजूद रहे।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल