अमरोहा में ‘शबनम कांड’ जैसी वारदात, परिवार को नशीला पदार्थ देकर प्रेमी संग फरार हुई युवती

शादी से पहले ही दुल्हन गायब, परिवार अस्पताल में भर्ती; पुलिस ने दो आरोपियों पर दर्ज किया केस

उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने चर्चित बावनखेड़ी शबनम कांड की याद ताजा कर दी है। थाना अमरोहा देहात क्षेत्र के एक गांव में एक युवती ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर कथित रूप से पूरे परिवार को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया और फिर उसके साथ फरार हो गई।

जानकारी के अनुसार, किसान परिवार की बेटी की शादी तय थी और 5 अप्रैल को बारात आनी थी। घर में शादी की तैयारियां जोरों पर चल रही थीं। आरोप है कि 29 मार्च की रात गांव के ही रिजवान और उसका साथी जुनैद घर पहुंचे और युवती के साथ मिलकर खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया। खाना खाने के बाद परिवार के सभी सदस्य अचेत हो गए।

रात में घर से कोई हलचल न होने पर पड़ोसियों को शक हुआ। मौके पर पहुंचकर देखा तो पूरा परिवार बेहोश पड़ा था। ग्रामीणों की मदद से सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

होश में आने के बाद किसान ने अपनी बेटी को घर से गायब पाया। तलाश करने पर पता चला कि वह अपने प्रेमी रिजवान के साथ चली गई है, जिसमें जुनैद की भी भूमिका सामने आई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और शादी की खुशियां मातम में बदल गई हैं।

पुलिस के अनुसार मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है। सीओ अवधभान भदोरिया ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और उनकी तलाश जारी है।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल