अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारत के युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी ने इतिहास रच दिया। इंग्लैंड के खिलाफ खिताबी मुकाबले में वैभव ने तूफानी अंदाज़ में 175 रन की यादगार पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 15 चौके और 15 छक्के जड़कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। वैभव के आउट होने तक भारत के 5 विकेट गिर चुके थे, जबकि क्रीज पर आरएस अंबरीश और अभिज्ञान कुंडू मौजूद हैं।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी भारतीय टीम को वैभव सूर्यवंशी ने आक्रामक शुरुआत दिलाई और इंग्लिश गेंदबाज़ों पर शुरू से दबाव बनाया। वैभव ने महज़ 80 गेंदों में 175 रन बनाकर अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में सबसे यादगार पारियों में से एक खेली। उनके आउट होने के बावजूद भारत ने बड़ा स्कोर खड़ा करते हुए इंग्लैंड के सामने 412 रनों का विशाल लक्ष्य रखा।
यह दूसरी बार है जब अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत और इंग्लैंड आमने-सामने हैं। इससे पहले 2022 के फाइनल में भी दोनों टीमें भिड़ी थीं। मौजूदा टूर्नामेंट में दोनों ही टीमें अब तक अजेय रही हैं। भारतीय टीम जहां अपना 10वां फाइनल खेल रही है, वहीं इंग्लैंड की टीम छठी बार खिताबी मुकाबले में पहुंची है। भारत अब तक पांच बार अंडर-19 वर्ल्ड कप जीत चुका है, जबकि इंग्लैंड 1998 के बाद दूसरे खिताब की तलाश में है।
सेमीफाइनल में भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ 311 रनों का सफल पीछा किया था, जबकि इंग्लैंड ने गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को 27 रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। वैभव सूर्यवंशी की इस ऐतिहासिक पारी ने भारत को खिताब की दहलीज़ पर ला खड़ा किया है।
@MUSKAN KUMARI







