भारतीय जनता पार्टी को अपना नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है। पार्टी मुख्यालय में नितिन नबीन के नाम की औपचारिक घोषणा की गई। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि आने वाले 25 वर्ष भारत के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं और इस निर्णायक कालखंड में नितिन नबीन पार्टी की विरासत को आगे बढ़ाएंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 21वीं सदी के पहले 25 वर्ष पूरे हो चुके हैं और अब आने वाले 25 वर्ष ‘विकसित भारत’ के निर्माण के लिए निर्णायक साबित होंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा में अध्यक्ष बदलते हैं, लेकिन पार्टी के आदर्श कभी नहीं बदलते। पीएम मोदी ने युवाओं की भाषा में नितिन नबीन को ‘मिलेनियल’ बताते हुए कहा कि वे उस पीढ़ी से हैं जिसने भारत में बड़े आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी परिवर्तन होते देखे हैं।
उन्होंने कहा कि नितिन नबीन ऐसे दौर से जुड़े हैं, जहां बचपन में रेडियो से सूचनाएं मिलती थीं और आज वे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के भी सक्रिय उपयोगकर्ता हैं। प्रधानमंत्री ने नितिन नबीन को युवा ऊर्जा और संगठनात्मक अनुभव का संगम बताते हुए कहा कि उनके पास संगठन में काम करने का लंबा अनुभव है, जो भाजपा के लिए बेहद उपयोगी सिद्ध होगा।
नितिन नबीन भाजपा के अब तक के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। पार्टी नेतृत्व को विश्वास है कि उनके नेतृत्व में संगठन नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेगा और विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
@MUSKAN KUMARI







