नई दिल्ली/पटना | Asian Times
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बिहार के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी की स्थापना के बाद यह पहला मौका है जब यह महत्वपूर्ण दायित्व बिहार को मिला है।
गिरिराज सिंह ने कहा, “कुछ लोग ‘जी जैन’ की बात करते हैं, लेकिन हम नितिन नवीन को ‘जी जैन’ नहीं कहेंगे। वह युवाओं में सबसे अधिक ऊर्जावान, पांच बार के विधायक हैं—उन्हें हम ‘जनरेशन जी’ कहेंगे।” उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी ‘जी जैन’ कहते-कहते 80 साल के खड़गे को ले आए, जबकि कांग्रेस गांधी परिवार से बाहर नहीं निकल पा रही। “बीजेपी ने साबित किया है कि एक कार्यकर्ता भी राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है—पोस्टर साटने से लेकर शीर्ष पद तक पहुंचाना बीजेपी ही कर सकती है,” उन्होंने कहा।
मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पर हमला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की “कब्र खोदने” जैसी टिप्पणी पर गिरिराज सिंह ने कहा, “यह कांग्रेस का पहला स्टेशन है या वे गाली-गलौज पर उतर आए हैं? मोदी जी की कब्र खोदने की बात करने वालों की कब्र जनता ने खोज दी है। यह पार्टी अब जाने वाली हैदेश की जनता इसे कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।”
संसद में राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया
राहुल गांधी के संसद में दिए गए बयान—“अमित शाह घबरा गए”—पर प्रतिक्रिया देते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि यह “थेथोलॉजी” है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी 20 बार माफी मांग चुके हैं—चाहे राफेल हो या अन्य विषय। “वे लिखी हुई स्क्रिप्ट पढ़ते हैं और विदेश जाकर भारत को गाली देते हैं,” उन्होंने कहा, साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का नाम लेते हुए विपक्ष पर निशाना साधा।
अवैध संपत्ति पर स्कूल खोलने की नीति का समर्थन
बिहार के गृह मंत्री सम्राट चौधरी के उस बयान पर—जिसमें कहा गया कि अवैध/भ्रष्टाचार की संपत्ति पर स्कूल खोले जाएंगे—गिरिराज सिंह ने समर्थन जताया। उन्होंने कहा, “यह सरकार की अच्छी नीति है। अवैध संपत्ति चाहे लालू प्रसाद यादव की हो या किसी और की अगर उस पर स्कूल खुलते हैं, तो यह समाज के हित में है।”
धर्म परिवर्तन पर कानून की मांग
धर्म परिवर्तन के मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लाभ और प्रलोभन देकर गरीब भाई-बहनों का धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। “सरकार को इसे रोकने के लिए कानून बनाना चाहिए। यह पूरे बिहार के हालात हैं, जो तेजी से बढ़ रहे हैं। जरूरत है कि इसे रोका जाए—कहीं बिहार केरल का दूसरा रूप न बन जाए,” उन्होंने चेतावनी दी।
बाइट: गिरिराज सिंह, केंद्रीय मंत्री
रिपोर्ट: Asian Times
Author: Noida Desk
मुख्य संपादक (Editor in Chief)





