रिपोर्ट: ब्यूरो प्रमुख – तनवीर आलम शेख, Asian Times
पटना: राजधानी के सिविल कोर्ट परिसर और गांधी मैदान क्षेत्र में ट्रैफिक जाम की गंभीर समस्या लगातार बनी हुई है। मंगलवार को स्कूलों की छुट्टी के समय अचानक भीड़ बढ़ जाने से हालात इतने खराब हो गए कि राहगीरों को सड़क पर चलना भी मुश्किल हो गया। कोर्ट परिसर के बाहर व आसपास की मुख्य सड़कों पर घंटों लंबा जाम लगा रहा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सिविल कोर्ट आने-जाने वाले वकील, मुवक्किल, स्कूली बच्चों और पब्लिक ट्रांसपोर्ट के कारण ट्रैफिक पूरी तरह चरमरा गया है। गांधी मैदान से सिविल कोर्ट तक का सफर जो सामान्यतः 10 मिनट का होता है, वह डेढ़ घंटे में पूरा हो रहा है।
जाम की स्थिति के पीछे एक मुख्य कारण यह भी है कि गांधी मैदान से लेकर बेली रोड तक कई जगहों पर फ्लाईओवर निर्माण का कार्य चल रहा है। प्रशासन की ओर से कोई वैकल्पिक मार्ग नहीं उपलब्ध कराया गया, जिससे मुख्य सड़क पूरी तरह जाम हो गई।
परेशान जनता ने ट्रैफिक पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप लगाया। एक स्थानीय दुकानदार ने बताया, “हर रोज यही हाल है। पुलिस सिर्फ दूर से देखती रहती है, कोई ट्रैफिक कंट्रोल करने वाला नहीं होता।”
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले पटना सिविल कोर्ट को एक बम धमकी भी मिली थी, जिसके बाद सुरक्षा बढ़ाई गई और ट्रैफिक और अधिक प्रभावित हुआ। वहीं, पटना हाई कोर्ट ने हाल ही में ट्रैफिक अव्यवस्था और गंदगी को लेकर नगर निगम और ट्रैफिक विभाग को फटकार लगाई थी।
जनता की मांग:
- कोर्ट टाइमिंग के अनुसार ट्रैफिक डायवर्जन किया जाए।
- स्कूल छुट्टी के समय विशेष पुलिस बल तैनात हो।
- फ्लाईओवर निर्माण कार्य के चलते वैकल्पिक रास्तों की घोषणा की जाए।
यदि आप गांधी मैदान या सिविल कोर्ट की ओर जा रहे हैं, तो मुख्य सड़क की बजाय किसी वैकल्पिक मार्ग से जाने का प्रयास करें। अन्यथा, भारी जाम में फंसना तय है।
